मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी का एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां झंडी गांव से चोर एक भैंस और उसकी पड़िया चुराकर करीब 18 किलोमीटर दूर तक पैदल ले गए। घटना 5 नवंबर की है।

शिकायतकर्ता 28 वर्षीय अरविंद ने बताया कि चोरी गए मवेशी माढ़ा गणेशखेड़ा गांव निवासी उनके ससुर राजाराम लोधी के हैं। मवेशियों को चुराने के बाद चोर उन्हें दूर ले जा रहे थे, तभी ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए उनका पीछा किया।

ग्रामीणों की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी

ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद अरविंद ने पकड़े गए आरोपी को इंदार थाना पुलिस के हवाले कर दिया और मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।