फरीदाबाद के सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में फ्लैट आवंटन रद्द कर उन्हें अन्य लोगों को बेचने का मामला सामने आया है। सूरजकुंड थाना क्षेत्र की इस घटना को लेकर पुलिस ने जॉतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।

शिकायतकर्ताओं राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने सितंबर 2026 में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दी थी। आरोप है कि वर्ष 2023 से 2024 के दौरान फ्लैट की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान करने के बावजूद कंपनी ने आवंटन रद्द कर दिया।

बैंक के पास गिरवी थे फ्लैट

जांच में सामने आया कि जिन फ्लैटों का भुगतान किया गया था, वे आईसीआईसीआई बैंक के पास गिरवी थे और उन्हें 2024 में अन्य लोगों को बेच दिया गया। आर्थिक अपराध शाखा की प्रारंभिक जांच और कानूनी राय मिलने के बाद सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया है।