यूरोपीय संघ की एक रिपोर्ट के अनुसार फ्रांस में हुए प्रदर्शनों के दौरान सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर फर्जी पोस्ट और वीडियो फैलाए गए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन गतिविधियों में रूस, अमेरिका और इजराइल से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क शामिल रहे।

रूस से जुड़े नेटवर्क ने प्रवासियों के खिलाफ नफरत फैलाने और दुष्कर्म व आतंकी हमलों के झूठे दावे किए। फ्रांस के विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 16 से 18 अक्टूबर के बीच रूस समर्थक समूहों के शीर्ष 10 पोस्ट को 28 लाख बार देखा गया।

रूस, अमेरिका और इजराइल से जुड़े आंकड़े

इसके अलावा अमेरिका के मागा आंदोलन से जुड़े लोगों के शीर्ष 10 पोस्ट को 4.9 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। वहीं इजराइली अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के शीर्ष 10 पोस्ट को 3.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। हालांकि, इन सोशल मीडिया नेटवर्क का फ्रांस सरकार को कमजोर दिखाने का कितना प्रभाव पड़ा, इसकी सटीक सीमा स्पष्ट नहीं है।

इस बीच फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने सोमवार को उद्योग संगठनों और श्रमिक यूनिअनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। एसीएलईडी (ACLED) के आंकड़ों के अनुसार 15 सितंबर से 30 अक्टूबर के बीच यूरोप के 31 देशों में 1700 से ज्यादा प्रदर्शन हुए जिनकी शुरुआत फ्रांस से हुई थी।