केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार मुख्य परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी।

इस वर्ष की परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या काफी अधिक रहने वाली है। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 26.5 लाख से अधिक स्टूडेंट्स शामिल होंगे। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में 19.8 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।

प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल

मुख्य परीक्षाओं से पहले प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। रेगुलर स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। इसके अलावा विंटर बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक इस बार परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने के लिए 40 हजार से ज्यादा सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन का अध्ययन किया गया है ताकि छात्रों को परीक्षा के दौरान विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल मिल सके।