उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश और घने कोहरे के साथ दिन के तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

लखनऊ, सहारनपुर, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर सहित 10 शहरों में कोहरा छाया रहा। संभल में विजिबिलिटी 200 मीटर और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी में सुबह का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, हवा की रफ्तार 3 किलोमीटर प्रति घंटा और नमी 96 प्रतिशत रही।

विमान सेवा प्रभावित और तापमान में गिरावट

खराब मौसम के कारण दिल्ली से काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-223 को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। सहारनपुर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को चक्रवात और बारिश से हुई फसल क्षति का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं।