लुधियाना के गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई है। मृतक शूटर की पहचान राज सिंह उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फिरोजपुर के गांव नूरपुर माछीवाड़ा का रहने वाला था।
थाना सुधार के एसएचओ रविंदरपाल सिंह के अनुसार, सोमवार रात पूछताछ के दौरान आरोपी राज सिंह का रक्तचाप कम होने की शिकायत सामने आई थी। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे पहले सुधार के सरकारी और फिर एक निजी अस्पताल ले गई।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हालत गंभीर होने पर आरोपी को लुधियाना के ग्लोबल हार्ट अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि यह पूरी घटना गुरुद्वारा मंजी साहिब में दो युवकों द्वारा की गई फायरिंग से जुड़ी है।









पाठकों की राय