हरियाणा के कैथल जिले के प्योदा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव चंदाना निवासी करीब 50 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है।

सिविल लाइन थाना एसएचओ गीता ने घटना की पुष्टि की है। यह हादसा तब हुआ जब कृष्ण कुमार मोटरसाइकिल पर सवार होकर दूध की डेयरी से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी मोटरसाइकिल पीछे से ट्रक से जा टकराई।

दूध डेयरी से लौटते समय हुआ हादसा

इस भयानक टक्कर में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे हैं और पूरा परिवार खेतीबाड़ी का काम करता है।