हरियाणा के करनाल जिले में पुलिस ने 30 अक्टूबर को तरावड़ी रेलवे पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह नाकाबंदी की थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चरणदास को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी तुषार फरार होने में कामयाब रहा। दोनों आरोपी तरावड़ी के वार्ड नंबर 13 के निवासी बताए जा रहे हैं।

बिना लाइसेंस के चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस ने मौके से विभिन्न कंपनियों के 100 डिब्बे पटाखे बरामद किए हैं, जिनमें थ्रो तीली बम भी शामिल हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों के पास पटाखे रखने, बनाने या बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था और मौके पर आग बुझाने के उपकरण भी नहीं मिले।

पुलिस ने बरामद पटाखों में से 6 डिब्बे नमूने के रूप में अलग रखे हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच एएसआई हरविश कुमार को सौंपी गई है।