छत्तीसगढ़ में अर्नब तूफान के असर से हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। रायपुर जिले के परसट्टी गांव के किसान जिनी चेलक की पांच एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई है।

इसके अलावा गरियाबंद जिले के देवभोग ब्लॉक के सीनापाली गांव के किसान दुर्बल राम के खेत में पानी भर गया और फसल गिर गई। बलौदाबाजार जिले के पलारी में किसान झड़ी राम कन्नौजे के छह से सात एकड़ खेत में भी पानी भरा है।

पटवारियों की हड़ताल और सर्वे की चिंता

फसल नुकसान के बीच राजस्व पटवारी संघ नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। इससे नुकसान के सर्वे और मुआवजे पर असर पड़ने को लेकर किसानों में चिंता बनी हुई है।

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को फसल नुकसान का जल्द सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने 70 हजार 518 रुपए प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की है।