जैसलमेर के शहर कोतवाली थाना इलाके की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक मां और उसके 16 वर्षीय बेटे के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले।
पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय सोनू कंवर का शव ग्राउंड फ्लोर के कमरे में चुन्नी के फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं, उनके 16 वर्षीय बेटे दक्षवर्धन का शव फर्स्ट फ्लोर के कमरे में रस्सी के फंदे से लटका पाया गया। दक्षवर्धन 9वीं कक्षा में पढ़ता था।
पति की पहले ही हो चुकी है मौत
मृतक सोनू कंवर के पति भंवर सिंह की करीब 3 साल पहले एक रोड एक्सीडेंट में मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल दोनों की मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।









पाठकों की राय