बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 इलाके में 28 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे ठगी की एक घटना सामने आई। साधु के वेश में आए दो आरोपियों ने पारिवारिक परेशानी दूर करने का झांसा देकर बबीता कुमारी से सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए और बदले में पीतल के 10 लॉकेट थमा दिए।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने इस मामले की जानकारी दी। बीएस सिटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास लगे तंबू से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंभू लाठौर और गया लाल लाठौर के रूप में हुई है, जिनकी उम्र क्रमशः करीब 30 वर्ष और 25 वर्ष है। दोनों आरोपी बिहार के गया जिले के बेलाडीह के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला के चुराए गए सोने के जेवरात और पीतल के लॉकेट बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले एक साल से इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।