छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित रघुनाथनगर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में स्कूली बच्चों को आसाराम बापू की किताब बांटने का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्रिंसिपल को उनके पद से हटा दिया है।

घटना 26 अक्टूबर 2026 की है, जब आसाराम बापू के अनुयायी स्वामी आत्मानंद स्कूल पहुंचे थे। उन्होंने कक्षा छठी से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को 'संस्कार सरिता' नामक किताब बांटी थी।

जांच के बाद की गई कार्रवाई

इस घटना के बाद डीईओ नरेंद्र निरापुरे के निर्देश पर बीईओ श्याम किशोर जायसवाल ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर 28 अक्टूबर को प्रिंसिपल महेश प्रजापति को पद से हटाकर संयुक्त जिला कार्यालय की शिक्षा शाखा में अटैच कर दिया गया।

प्रशासन ने इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत लेक्चरर दुलेश्वर सिंह को स्कूल का नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया है।