अलवर के राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के राजपुरबड़ा गांव में शनिवार सुबह सरपंच चुनाव के बाद भारी हंगामा हुआ। चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा और पथराव में डीएसपी देशराज कुलदीप, एएसआई कामम खान, कॉन्स्टेबल धर्मेंन्द्र और मुरारी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज राजगढ़ हॉस्पिटल में चल रहा है।

सरपंच प्रत्याशी महेंद्र कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि 4019 के मुकाबले केवल 3700 वोट ही गिने गए। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने की लाठीचार्ज और छह डिटेन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को डिटेन किया है।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि इस घटना के दौरान महिलाओं ने भी पत्थर फेंके थे। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।