सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण और दिवाली पर पटाखों के उपयोग से जुड़े मामले की सुनवाई की। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सुझाव दिया कि विराट कोहली जैसी मशहूर शख्सियतों की मदद से लोगों को बिना पटाखे जलाए दिवाली मनाने के लिए जागरूक किया जा सकता है। कोर्ट ने अधिकारियों से यह भी कहा कि पटाखों पर लगी पाबंदियों का प्रचार टीवी और अखबारों के माध्यम से किया जाए।

दिवाली पर पटाखों की पाबंदी और प्रचार

अधिवक्ता उत्तरा बब्बर ने कोर्ट में कहा कि पटाखे जलाने से खतरनाक पार्टिकुलेट मैटर निकलता है और पिछले हफ्ते दशहरा के दौरान दिल्ली-एनसीआर में एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

वहीं, सीनियर एडवोकेट गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट के पहले के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है और पटाखों के निर्माण पर रोक लगाई जानी चाहिए।