रामपुर वन मंडल में भालू के लगातार हमले सामने आ रहे हैं। 6 नवंबर 2026 को सुबह करीब आठ बजे नोगीधार गांव में भालू के हमले से 58 वर्षीय शीतला देवी घायल हो गईं।

घायल शीतला देवी को एमजीएमसी खनेरी में भर्ती कराया गया है। इससे पहले तीन नवंबर को बेसली गांव के कंपार्टमेंट डी-115 में भालू के हमले में हरि दास घायल हो गए थे। गंभीर हालत के कारण हरि दास को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।

वन विभाग ने बढ़ाई सुरक्षा

वन विभाग ने भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 18 से 20 सदस्यों की विशेष टीम बनाई है। संवेदनशील इलाकों में कैमरा ट्रैप और एनिडर उपकरण लगाए गए हैं तथा जगूनी क्षेत्र में पिंजरा लगाया जा रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे अकेले जंगल या खेतों में न जाएं।