राजस्थान सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता तथा महंगाई राहत तीन फीसदी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंजूरी के बाद शुक्रवार को इसके औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए।

इस बढ़ोतरी के बाद अब कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए और डीआर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। नया बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जुलाई से लागू माना जाएगा।

भुगतान और बोनस से जुड़ी व्यवस्था

तय व्यवस्था के अनुसार, जुलाई से अक्टूबर तक के डीए का बकाया हिस्सा जीपीएफ खातों में जमा किया जाएगा। वहीं, नवंबर महीने के वेतन से यह राशि नकद दी जाएगी, जबकि पेंशनभोगियों को एक जुलाई से बढ़ा हुआ डीआर सीधे नकद मिलेगा।

इसके अलावा सरकार ने छह लाख कर्मचारियों को अधिकतम सात हजार रुपए तक एडहॉक बोनस देने की घोषणा की है। इस बोनस का 75 प्रतिशत हिस्सा नकद दिया जाएगा और 25 प्रतिशत हिस्सा जीपीएफ खातों में जमा होगा।

डीए में की गई इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, बोनस की घोषणा से सरकार पर 406 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार और पड़ेगा।