नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक स्टडी के मुताबिक भारत के शहरी इलाकों में हर 3 में से 1 वयस्क मेटाबॉलिक सिंड्रोम से पीड़ित है। 50 साल की उम्र तक पहुंचने पर यह आंकड़ा 40 प्रतिशत से अधिक हो जाता है।

धर्मशिला नारायणा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल दिल्ली के एंडोक्रोनोलॉजी कंसलटेंट डॉ अभिनबा हाजरा के अनुसार बचपन में मोटापा, ज्यादा स्क्रीन टाइम और कम फिजिकल एक्टिविटी बच्चों में इसके प्रमुख कारण हैं।

मेटाबॉलिक सिंड्रोम के प्रमुख लक्षण और कारण

मेटाबॉलिक सिंड्रोम में पेट की चर्बी, हाई ब्लड प्रेशर, हाई ब्लड शुगर और असामान्य कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं एक साथ हो सकती हैं। डॉक्टरों के अनुसार तय 5 रिस्क फैक्टर्स में से 3 या उससे ज्यादा मौजूद होने पर इसे मेटाबॉलिक सिंड्रोम का संकेत माना जाता है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स इंसुलिन रेजिस्टेंस को मेटाबॉलिक सिंड्रोम का सबसे बड़ा कारण मानते हैं। हालांकि, शुरुआत में इसके कोई स्पष्ट लक्षण न दिखने के कारण अधिकांश मामलों का समय पर पता नहीं चल पाता है।