खाने के बाद मीठे की तीव्र इच्छा यानी शुगर क्रेविंग के पीछे कई कारण हो सकते हैं। सीनियर क्लीनिकल डाइटीशियन और वनडाइटटुडे की फाउंडर डॉ. अनु अग्रवाल ने इसके प्रमुख कारणों के बारे में जानकारी दी है। उनके अनुसार, क्रेविंग का मतलब किसी खास चीज को खाने की तीव्र इच्छा होना है।

शुगर क्रेविंग बढ़ने के प्रमुख कारण

खानपान और जीवनशैली से जुड़ी कई आदतें इस समस्या को बढ़ाती हैं। शरीर में प्रोटीन और फाइबर की कमी होने, रिफाइंड कार्ब्स की अधिकता, नींद की कमी, तनाव और हॉर्मोनल असंतुलन के कारण शुगर क्रेविंग बढ़ सकती है। पर्याप्त नींद न लेने की स्थिति में भूख और क्रेविंग को नियंत्रित करने वाले हॉर्मोन असंतुलित हो जाते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अधिक चीनी का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में 2025 में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, ज्यादा मात्रा में शुगर लेने से मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज और दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है।