हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस बदलाव से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

किन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी

पूर्वानुमान के मुताबिक 10 और 11 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 12 और 13 नवंबर को कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। इस बीच तापमान में काफी अंतर दर्ज किया गया है, जहां लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, वहीं मैदानी क्षेत्र ऊना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।