हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के कुछ भागों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले पांच दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।

चंबा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके अलावा लाहौल स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर जिलों में 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम में बदलाव के कारण अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है, जबकि ऊंचे क्षेत्रों का पारा पांच से सात डिग्री तक गिर सकता है। केलांग में अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस और शिमला में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।