चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर को स्लम फ्री बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए धनास कच्ची कॉलोनी को हटाने का फैसला किया है। एस्टेट ऑफिसर कम डीसी निशांत कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों को इस कॉलोनी को हटाने के लिए एक ठोस एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

यह कच्ची कॉलोनी करीब 18 एकड़ जमीन में फैली हुई है। इस जमीन पर किसानों, निजी जमीन मालिकों और शामलात जमीन का हिस्सा शामिल है। इस कॉलोनी में लगभग 800 मकान बने हुए हैं और अनुमानित 10 हजार लोग निवास करते हैं। इसके अलावा, यहां करीब 2500 मतदाता बताए जाते हैं।

दिवाली के बाद नोटिस जारी करने की तैयारी

प्रशासन इस आगामी दिवाली के तुरंत बाद कॉलोनी के निवासियों को औपचारिक नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, कॉलोनी में रहने वाले लोगों के पुनर्वास और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था को लेकर अभी भी सवाल उठ रहे हैं।

चंडीगढ़ प्रशासन इससे पहले भी अतिक्रमण के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई कर चुका है। प्रशासन अब तक कुल 18 कॉलोनियों को हटाकर लगभग 520 एकड़ सरकारी जमीन खाली करा चुका है। पिछले वर्ष ही प्रशासन ने सेक्टर-25 की जनता कॉलोनी को हटाकर करीब 10 एकड़ जमीन खाली कराई थी।