मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो सगी बहनों ने अपने बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इन दोनों घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत हो गई है।

पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव की है। यहां सीता रावत ने अपने तीन बच्चों 14 वर्षीय राखी, 11 वर्षीय प्रियंका और 6 वर्षीय श्लोक के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों घटनाओं का विवरण

दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव की है, जहां सीता की 35 वर्षीय छोटी बहन अंजलि ने अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ 30-फीट गहरे कुएं में छलांग लगाई। इस घटना में दोनों की मौत हो गई।

अंजलि आठ महीने की गर्भवती थी और उसके पति धर्मवीर सिंह रावत की डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हुई थी। हालांकि, अंजलि की बड़ी बेटी मोनिका ने समझदारी दिखाते हुए अपनी और दो अन्य छोटी बहनों को कुएं में कूदने से रोक लिया।

परिजनों का अनुमान है कि सीता ने अपनी छोटी बहन अंजलि की मौत के सदमे में यह कदम उठाया, हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान और कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया दोनों मामलों की जांच कर रहे हैं।