मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में गांधी पार्क और हुसैन टेकरी के पास आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए होने वाली नीलामी बुधवार को दुकानदारों के कड़े विरोध के चलते टल गई। नगर पालिका प्रशासन ने इस बार दुकानों के लिए पांच हजार रुपये शुल्क तय किया था, जिसका व्यापारियों ने विरोध करते हुए नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।

व्यापारी रानू रघुवंशी ने बताया कि पिछले साल प्रशासन द्वारा मात्र 2200 रुपये शुल्क लिया गया था, इसलिए इस बार पांच हजार रुपये का शुल्क बहुत ज्यादा था। विरोध प्रदर्शन के बाद नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्थानीय पार्षदों के साथ चर्चा की और सबकी सहमति से पुरानी नीलामी को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया।

स्थिति को संभालते हुए नगर पालिका ने अब आतिशबाजी दुकान के लिए शुल्क घटाकर 2500 रुपये प्रति व्यापारी तय कर दिया है। इस निर्धारित शुल्क की आधिकारिक रसीद नगर पालिका काउंटर से काटी जाएगी, जिसके बाद अब व्यापारी इसी दर पर दुकानें संचालित करेंगे।