बिहार के समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर में गुरुवार की देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार पुलिस टीम छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची थी जहां अपराधियों ने फायरिंग की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल मनीष सिंह सहित दो अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

28 से अधिक मामले दर्ज

घायल मनीष सिंह का इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। मनीष सिंह के खिलाफ समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और नालंदा जिलों में 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह मुठभेड़ चार दिन पहले मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हुए फ्लिपकार्ट स्टोर लूट कांड के सिलसिले में की गई कार्रवाई के दौरान हुई।