पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के तीसरे चरण के तहत 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में मतदान जारी है। इस चरण में जिला परिषदों के 377 वार्डों के लिए 1,305 और पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों के लिए 7,789 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

ब्यावर जिले में जवाजा पंचायत समिति की रूढाना ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर वोट डालकर बाहर आ रही 70 वर्षीय पुनी देवी का निधन हो गया। शुरुआती आशंका के तहत इसे साइलेंट अटैक माना जा रहा है। वहीं, बाड़मेर के कोजा मतदान केंद्र पर 100 वर्ष की बुजुर्ग जमना देवी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के दौरान बहिष्कार और विरोध

मतदान के दौरान कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन और बहिष्कार भी देखा गया। दौसा के तीन गांवों के अलावा भरतपुर की बयाना पंचायत समिति के नगला सिंघाडा, डीग के नगला किशोर सिंह और डीडवाना-कुचामन के डारापुरा गांव में पंचायत परिसीमन के विरोध में लोगों ने वोट डालने से इनकार कर दिया।

इसके अलावा बारां के शाहबाद उपखंड स्थित कछियाथाना गांव और करौली के रीठौली गांव में नई पंचायत बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चुनाव का पूरी तरह बहिष्कार किया। श्रीगंगानगर, बीकानेर, धौलपुर, भरतपुर और सीकर समेत विभिन्न जिलों में ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान 10 मिनट से लेकर दो घंटे तक बाधित रहा।