नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने 20.10 करोड़ रुपये की 25 अचल संपत्तियों को फ्रीज किया है। दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने 30 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत इन संपत्तियों की पुष्टि की है।

इस मामले का खुलासा 7 फरवरी 2025 को अमृतसर में 5,000 ट्रामाडोल टैबलेट पकड़े जाने के बाद हुआ था। इस कार्रवाई के दौरान अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सात राज्यों तक फैला था ड्रग्स नेटवर्क

जांच में सामने आया कि इस ड्रग्स नेटवर्क का विस्तार पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सहित 7 राज्यों में फैला हुआ था।

इस अभियान के तहत अधिकारियों ने करीब 34 लाख साइकोट्रॉपिक गोलियां, 10.57 लाख कोडीन आधारित सिरप की बोतलें और 2,200 किलो साइकोट्रॉपिक पाउडर बरामद किया है। मामले में अंबाला कैंट के रहने वाले कोनिक गोयल, मानिक गोयल और परशोत्तम लाल गोयल फरार बताए गए हैं।