चंडीगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में नियमित भर्ती प्रक्रिया समय पर न होने के कारण कुल 319 पद समाप्त हो चुके हैं। सरकारी नियमों के अनुसार यदि कोई पद लगातार तीन साल तक खाली रहता है, तो उसे समाप्त मान लिया जाता है।

जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 में लैप्स हुए पद

जीएमसीएच-32 अस्पताल में कुल 129 पद लैप्स हुए हैं। इनमें डायरेक्टर और रजिस्ट्रार सहित फैकल्टी और प्रोफेसर स्तर के 34 पद और नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ के 93 पद शामिल हैं।

वहीं, जीएमएसएच-16 में कुल 190 पद समाप्त हुए हैं, जिनमें 59 नर्सिंग ऑफिसर के पद भी शामिल हैं। हालांकि, जीएमएसएच-16 के इन 190 पदों को बहाल करने के प्रस्ताव को वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है।

इस बीच कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कुछ चहेते अधिकारियों को डेपुटेशन पर लाने के चक्कर में नियमित भर्ती की फाइलों को लंबित रखा गया था, जिसके कारण ये पद समाप्त हुए।