भीमपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिए सिंध नदी पर मोहनगढ़ बांध बनाने का प्रस्ताव सामने आया है। इस पूरी परियोजना पर लगभग 1,488 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान लगाया गया है। संयंत्र की कुल क्षमता 2,800 मेगावाट तय की गई है, जिसमें 700-700 मेगावाट क्षमता वाली चार इकाइयां लगाई जानी हैं। इस परमाणु संयंत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर साल 159 मिलियन घनमीटर पानी की जरूरत होगी।
दिल्ली भेजा जाएगा प्रस्ताव
सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद इस प्रस्ताव को पहले भोपाल भेजा जा चुका है और अब इसे केंद्रीय जल आयोग दिल्ली भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार मोहनगढ़ बांध में सालाना 1.63 से 1.84 मिलियन घनमीटर तक गाद जमा होने की आशंका जताई गई है।
प्रस्तावित बांध के निर्माण कार्य से क्षेत्र के करीब 784 परिवारों पर सीधा असर पड़ सकता है। फिलहाल तकनीकी मंजूरी मिलने और निर्माण कार्य शुरू होने की कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की गई है। वन विभाग से अनुमति मिलने में किसी तरह की रुकावट आने पर ही वैकल्पिक स्थान पर विचार किया जाएगा।









पाठकों की राय