अर्नब साइक्लोन के प्रभाव से बिहार के कई जिलों में बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह स्थिति 1 नवंबर तक बनी रह सकती है। पटना, बेतिया, समस्तीपुर, बेगूसराय और गोपालगंज सहित कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना में दिनभर बारिश दर्ज की गई जिससे तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट आई है।

विभाग ने सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों में सबसे गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा चार जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

सीतामढ़ी और मधुबनी में रेड अलर्ट

रेड अलर्ट वाले जिलों में बहुत भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

इस बेमौसम बारिश और आंधी की वजह से खेतों में खड़ी पकी धान, गन्ना, आलू और अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।