अलवर एसीबी ने आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा 40 विला और कॉटेज खरीदने के मामले में जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में एसीबी ने अलवर जिला प्रशासन को पत्र जारी कर गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड की भूमि कन्वर्जन से जुड़ी पूरी डिटेल मांगी है।

जांच के दायरे में आए इन परिसरों में आईएएस शिखर अग्रवाल, आईपीएस प्रशाखा माथुर, उनके दो बेटों और सास-ससुर द्वारा खरीदे गए 20 विला और 20 कॉटेज शामिल हैं। अजबगढ़ में 20 विला और उदयपुर के बुझड़ा में 20 कॉटेज की कुल खरीद लागत 6 करोड़ 16.5 लाख रुपए दर्ज की गई है।

विला और कॉटेज की खरीद और लीज का ब्योरा

खरीदे गए सभी विला और कॉटेज उसी कंपनी को वापस लीज पर दे दिए गए थे, जिससे इनकी खरीद की गई थी। बुझड़ा के 20 कॉटेज 4 लाख रुपए प्रति कॉटेज और अजबगढ़ के 20 विला 5 लाख रुपए प्रति विला की सालाना दर पर लीज पर दिए गए।

कंपनी के अजबगढ़ स्थित अनंता स्पा एंड रिसॉर्ट में दस्तावेजों के अनुसार शिखर अग्रवाल के नाम 4 विला और प्रशाखा माथुर के नाम 12 विला दर्ज हैं। एसीबी अब कन्वर्जन रिपोर्ट और रजिस्ट्री की जांच कर रही है।