मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत झांसी लिंक रोड पर ठाकुर बाबा मंदिर के पास स्थित जंगल से एक नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बरामद कंकाल को फिलहाल जिला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक मृतक की आयु 30 से 35 वर्ष के बीच हो सकती है और यह कंकाल लगभग 30 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

देहात थाना प्रभारी विकास यादव के अनुसार, कुछ समय से इस इलाके में एक मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति को घूमते हुए देखा जाता था। हालांकि, यह कंकाल उसी व्यक्ति का है या किसी अन्य का, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय स्पष्ट हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।