रणजी ट्रॉफी के हालिया मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है। मुंबई के स्पिनर तनुष कोटियन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 8 विकेट लिए और हरियाणा की दूसरी पारी 256 रन पर समेट दी। इसके बाद मुंबई ने 97 रन का लक्ष्य बिना कोई विकेट गंवाए आसानी से हासिल कर लिया।

सौराष्ट्र के स्पिनर पार्थ भूट ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में 8 विकेट अपने नाम किए। इसके दम पर सौराष्ट्र ने असम को पारी और 12 रन से शिकस्त दी। अन्य मुकाबलों में बंगाल ने केरल को 287 रन से हराया, जहां बंगाल के प्रदीप्त प्रमाणिक ने दूसरी पारी में 51 रन देकर 6 विकेट लिए और केरल की टीम 120 रन पर सिमट गई।

विदर्भ, कर्नाटक और अन्य मुकाबलों के परिणाम

विदर्भ ने गोवा को पारी और 27 रन से हराया, जिसमें हर्ष दुबे ने 38 रन देकर 4 विकेट लिए। कर्नाटक ने त्रिपुरा को पारी और 116 रन से मात दी और कप्तान श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर 5 विकेट झटके।

इसके अलावा गुजरात ने महाराष्ट्र के खिलाफ दूसरी पारी 446/5 रन पर घोषित की, जिसमें आर्या देसाई ने नाबाद 151 और जयमीत पटेल ने नाबाद 119 रन बनाए। अन्य मैचों में जम्मू-कश्मीर के अब्दुल समद ने 143 रन और हिमाचल प्रदेश के आकाश वशिष्ठ ने नाबाद 126 रन की पारी खेली।