राजस्थान के कई जिलों में पंचायत चुनाव के दौरान स्थानीय मुद्दों और मांगों को लेकर ग्रामीणों द्वारा मतदान के बहिष्कार के मामले सामने आए हैं। अजमेर के किशनगढ़ स्थित पाटन गांव में ग्रामीणों ने फ्लाईओवर की मांग को लेकर वोट डालने से इनकार कर दिया।

स्थिति को संभालने के लिए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी पाटन गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने फ्लाईओवर से जुड़े कागजात भी दिखाए, लेकिन ग्रामीणों ने उनके प्रस्ताव को खारिज कर दिया और अपनी मांग पर अड़े रहे।

अन्य गांवों में भी चुनाव का बहिष्कार

इसी तरह झुंझुनूं के हंसास गांव, सिरोही के सिंगारली खेड़ा गांव और दौसा के करणपुरा गांव में भी विभिन्न स्थानीय समस्याओं के चलते ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग नहीं किया। उधर, सीकर में यूडीएच मंत्री के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

एक अन्य घटना में जयपुर के एक कलेक्शन एजेंट का स्कूटी पर रखा 20 लाख नकद से भरा बैग उस समय चोरी हो गया, जब वह रास्ते में रुककर पेटीज खा रहा था। इस मामले में बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी अभी बाकी है।