लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में बुधवार सुबह सड़क हादसे की गंभीर घटना सामने आई। संत ईशर सिंह स्कूल के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक बोलेरो पिकअप गाड़ी ने सामने से बाइक सवार को टक्कर मार दी।

हादसे में घायल हुए बाइक सवार की पहचान दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है, जो एक्सपेलर पार्ट्स का काम करते हैं। टक्कर के बाद गाड़ी चालक ने रुकने के बजाय बाइक समेत दुर्गेश को करीब 20 मीटर तक घसीटा।

अस्पताल में भर्ती हैं घायल दुर्गेश कुमार

घटना के बाद घायल दुर्गेश कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला मराड़ो चौकी पुलिस के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के वक्त गाड़ी की गति कितनी थी और गाड़ी के ड्राइवर की पहचान तथा उसकी गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।