इजराइल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है जहां देश के पूर्व आर्मी चीफ गादी आइजनकोट ने हालिया ओपिनियन पोल्स में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पीछे छोड़ दिया है। ओपिनियन सर्वे के अनुसार उनकी नई पार्टी 'याशर' को नेसेट की कुल 120 सीटों में से 22 से 23 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
बता दें कि गादी आइजनकोट का जन्म 19 मई 1960 को टिबेरियस शहर में हुआ था। उन्होंने इजराइली सेना में 41 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और फरवरी 2015 से जनवरी 2019 तक देश के 21वें आर्मी चीफ के रूप में कार्य किया।
राजनीतिक सफर की बात करें तो गादी ने जून 2024 में नेतन्याहू की वॉर कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था और सितंबर 2025 में अपनी नई पार्टी 'याशर' का गठन किया। गाजा युद्ध के दौरान उनके छोटे बेटे गाल मीर आइजनकोट और दो भतीजों की भी मौत हो गई थी।
सर्वे में बढ़त मिलने के बावजूद अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चुनाव के बाद गादी आइजनकोट बहुमत हासिल कर पाएंगे या नहीं और क्या वे गठबंधन के जरिए सरकार बनाने में सफल होंगे। इसके अलावा यह भी अनिश्चित है कि राष्ट्रपति सरकार बनाने के लिए उन्हें ही औपचारिक रूप से न्योता देंगे या नहीं।










पाठकों की राय