विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सहरसा में तैनात पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार के चार ठिकानों पर बुधवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई सहरसा, औरंगाबाद और पटना में एक साथ की गई।

जांच एजेंसी के अनुसार, प्रारंभिक सत्यापन में अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर ज्ञात आय से 139.87 प्रतिशत अधिक, कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपए की आय से अधिक संपत्ति का आकलन किया गया है।

छापेमारी में नकदी और गहने बरामद

पटना के दानापुर स्थित फ्लैट से इंजीनियर की पत्नी द्वारा फेंके गए थैले से 9 लाख रुपए बरामद हुए। तलाशी के दौरान कुल 32 लाख 57 हजार 500 रुपए नकद, 23.23 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने तथा विभिन्न बैंकों के 7 बचत खातों में करीब 1 करोड़ 29 लाख 40 हजार रुपए जमा मिले।

जांच एजेंसी के अनुसार, अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपए की अचल संपत्ति का पता चला है।

विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।