कोलारस में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे शासकीय शिक्षक रामदयाल ओझा की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब छह बजे पड़ोरा गांव में गांधी पेट्रोल पंप के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक रामदयाल ओझा शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय सुआटोर में पदस्थ थे, जो कोलारस के खरई संकुल के अंतर्गत आता है। वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, उसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार और उसके चालक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिसकी तलाश की जा रही है।