राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के फैसले के बाद देश में कैंसर की दवाएं सस्ती हुई हैं। प्राधिकरण ने कैंसर की 543 दवा ब्रांडों और पैक के अधिकतम खुदरा मूल्य में बदलाव किया है।

इनमें से 397 यानी करीब 73 प्रतिशत कैंसर दवाओं के दाम घटाए गए हैं, जबकि सूची में शामिल 146 ब्रांड-पैक की कीमतें पहले जैसी ही हैं। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।

कमी के बाद अब यह हैं नई कीमतें

इस फेरबदल के बाद कुछ दवाओं की कीमतों में भारी कमी आई है। सैमटेपा यानी थियोटेपा 100 मिलीग्राम इंजेक्शन की कीमत अस्सी हजार इकहत्तर रुपये से घटकर सात हजार एक सौ पचास रुपये रह गई है।

इसके अलावा पैलबोसिक्लिब की पैलबोप्रो दवा के 21 कैप्सूल का पैक चालीस हजार चार सौ इक्कीस रुपये से घटकर दो हजार सात सौ बीस रुपये का हो गया है।