मध्य प्रदेश की जिला पंचायतों में विकास कार्यों के बजट आवंटन में परिवारवाद और पक्षपात के आरोप लगे हैं। शिवपुरी, सागर और दमोह जिला पंचायतों में करोड़ों रुपये के बजट का एक बड़ा हिस्सा खास विधानसभा क्षेत्रों में खर्च किए जाने का मामला सामने आया है।
शिवपुरी जिला पंचायत को साल 2023 से 2026 के बीच कुल 22 करोड़ रुपये का बजट मिला। इसमें से जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने 12.24 करोड़ रुपये यानी 55 प्रतिशत बजट अपने विधायक पिता महेंद्र यादव के कोलारस विधानसभा क्षेत्र को दिया।
शिवपुरी, सागर और दमोह के आंकड़े
सागर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने चार साल में मिले 17.72 करोड़ रुपये के बजट का 43 प्रतिशत यानी 7.61 करोड़ रुपये अपने मंत्री भाई गोविंद सिंह राजपूत के क्षेत्र सुरखी में खर्च किया। वहीं, दमोह जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल ने 2023 से 2026 के बीच 9.60 करोड़ रुपये में से 54.59 प्रतिशत यानी 5.24 करोड़ रुपये पथरिया विधानसभा क्षेत्र को दिए।
मामले को लेकर मप्र के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बयान दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। जिला पंचायतों के बजट आवंटन में आधिकारिक प्रशासनिक जांच रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।









पाठकों की राय