मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की प्रक्रिया तेज कर दी है। मोहन सरकार ने पिछले 120 दिनों के भीतर राज्य के 22 जिलों के कलेक्टर और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षक बदल दिए हैं।

हाल ही में 27 अक्टूबर को जारी तबादला आदेश के तहत सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया को हटा दिया गया। उनकी जगह सागर में दिलीप कुमार यादव को नया कलेक्टर और संजीव कुमार सिन्हा को एसपी बनाया गया है।

सागर और देवास में नए अधिकारी नियुक्त

इसी तरह देवास के कलेक्टर ऋतुराज और एसपी पुनीत गहलोत को भी हटाया गया है, और नेहा मीना को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले राज्य सरकार ने 13 अक्टूबर को जारी एक आदेश में 11 जिलों के कलेक्टर बदले थे।

प्रशासनिक स्तर पर यह फेरबदल ऐसे समय में हुए हैं जब राज्य में अशोक बर्णवाल ने 23 जुलाई को नए मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। हालांकि, इन तबादलों के पीछे जहरीली शराब, किसान आंदोलन और प्रशासनिक विवाद जैसी चर्चाएं भी हैं, लेकिन सभी बदलावों को सीधे दंडात्मक कार्रवाई मानना उचित नहीं है।