रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों ने स्टॉक एक्सचेंज पर शुरुआत करते हुए निवेशकों को मुनाफा कराया है। कंपनी का शेयर 1,358 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ, जबकि इसका इश्यू प्राइस 1,119 रुपए रखा गया था। इस मजबूत लिस्टिंग के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स का कुल मार्केट कैप बढ़कर 12.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

इससे पहले इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। 21 से 23 अक्टूबर के बीच चले इस शेयर बिक्री के दौरान कुल आईपीओ 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस लिस्टिंग के बाद रिलायंस ग्रुप का कुल मार्केट कैप बढ़कर अब 28.9 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।

बाजार में इस बड़े कद के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स ने दूसरी बड़ी कंपनियों को कड़ी टक्कर दी है। वर्तमान में एयरटेल का मार्केट कैप 12.20 लाख करोड़ रुपए है। इसके अलावा देश के अन्य प्रमुख समूहों में टाटा ग्रुप का कुल मार्केट कैप 25.6 लाख करोड़ रुपए और अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप 16.6 लाख करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।