छठ पर्व के दौरान बिहार आने वाली फ्लाइट और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। MakeMyTrip और ixigo की लिस्टिंग के अनुसार दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट का एक टिकट 21 हजार रुपए तक पहुंच गया है।

12 नवंबर को दिल्ली से दरभंगा का शुरुआती किराया 18,862 रुपए, गया का 11,365 रुपए और कोलकाता से गया का किराया 14,505 रुपए है। इसी दिन दिल्ली से पूर्णिया का सीधा टिकट करीब 10 हजार रुपए और कोलकाता से 4 हजार रुपए है। तुलनात्मक रूप से दिल्ली से काठमांडू का फ्लाइट टिकट 8 हजार, ढाका का 9,463 और बैंकॉक का 17,279 रुपए है।

ट्रेनों और बसों में भारी भीड़

ट्रेनों और बसों के मोर्चे पर भी भारी दबाव बना हुआ है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता की प्रमुख नियमित ट्रेनों में 20 नवंबर तक नो रूम की स्थिति है। हालांकि रेलवे द्वारा 5 दिसंबर तक कुल 236 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग द्वारा 200 विशेष बसें चलाई जा रही हैं, जिन पर 30 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अलावा पटना से दिल्ली के बीच शेयरिंग कैब बुकिंग 3500 से 4500 रुपए प्रति सीट उपलब्ध है। मुंबई के किराए में अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अंतर मिला है।